नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर 20 प्रतिशत टैक्स लगाने के ऐलान के बीच भारत ने होर्मुज में स्वतंत्र नौवहन की पुरजोर वकालत करते हुए इसे दुनिया भर में ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा के लिए जरूरी बताया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में इस बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि भारत पश्चिम एशिया की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए है और होर्मुज में स्वतंत्र नौवहन का पक्षधर है।

उन्होंने कहा, "पश्चिम एशिया की गतिविधियों पर भारत की नजर है। हमारा मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते सुरक्षित और स्वतंत्र नौवहन की व्यवस्था होनी चाहिए। यह दुनिया भर के लोगों के लिए ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। "उल्लेखनीय है कि ईरान द्वारा होर्मुज के निकट कुछ जहाजों पर हमला किये जाने तथा होर्मुज को बंद किये जाने की घोषणा के बाद श्री ट्रंप ने एकतरफा ऐलान करते हुए होर्मुज से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों से 20 प्रतिशत सुरक्षा टैक्स वसूलने का ऐलान किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित