तेहरान/वाशिंगटन , मार्च 22 -- ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी चेतावनी के बाद पलटवार करते हुए कहा है कि उसकी सैन्य क्षमता पूरी तरह बरकरार है और वह क्षेत्रीय सुरक्षा तथा जलडमरूमध्य की स्थिति को नियंत्रित करने में सक्षम है।

ईरान के उप रक्षा मंत्री रेज़ा तलाएई-निक ने ईरानी मीडिया में आये बयान में कहा कि क्षेत्र में जारी हमले यह दर्शाते हैं कि ईरानी बल "रणनीतिक भंडार और स्वदेशी उत्पादन" पर निर्भर रहते हुए प्रभावी कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों में मिसाइल और ड्रोन निर्माण में किए गए निवेश के कारण इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) अब "सटीक और प्रभावी" हमले करने में सक्षम है।

उन्होंने दावा किया कि युद्ध के शुरुआती चरणों की तुलना में अब मिसाइल और ड्रोन हमलों की सटीकता में वृद्धि हुई है और तटीय क्षेत्रों, जहाजों तथा अंदरूनी ठिकानों से क्रूज़ मिसाइलों के जरिए हमले इसकी पुष्टि करते हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर टिप्पणी करते हुए श्री तलाएई-निक ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल इस जलमार्ग की सुरक्षा को "वास्तविक रूप से नियंत्रित और परिभाषित" करते हैं। यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और एलएनजी आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत वहन करता है।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि यदि वह 48 घंटों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोलता है तो अमेरिका उसके विद्युत संयंत्रों पर हमले करेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि अमेरिका "सबसे बड़े संयंत्र से शुरुआत करते हुए" ईरान के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित