वाशिंगटन , जुलाई 14 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को अब अमेरिका नियंत्रित कर रहा है।

श्री ट्रंप ने 'न्यूजमैक्स' से बातचीत में उस समय बेहद सीधा और दोटूक जवाब दिया जब उनसे पूछा गया कि इस रणनीतिक जलमार्ग पर किसका नियंत्रण है। उन्होंने कहा, "हमारा नियंत्रण है।"अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरानी हमलों और क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हुए हमलों के बाद तनाव बढ़ने के बाद आई है। उन्होंने कहा, "हम इसे नियंत्रित करते हैं। वे मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। वे ऐसी चीजें कर सकते हैं जो अच्छी नहीं हैं, लेकिन नियंत्रण हमारा ही है।"श्री ट्रंप ने दावा किया कि हाल के अमेरिकी सैन्य अभियानों ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को पंगु बना दिया है। उन्होंने कहा, "हमने उनके अधिकांश रडार, उनके बहुत सारे गोला-बारूद, उनके कई मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट कर दिया है। हमने उनके ड्रोन मार गिराए हैं। हमने उनकी मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। और हम इसे नियंत्रित करते हैं। हम ऐसा करना जारी रखेंगे।"इससे पहले सोमवार को अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने मंगलवार से फिर से ईरान की नौसैनिक नाकेबंदी की घोषणा की थी। घोषणा के अनुसार, यह नाकाबंदी ईरान के साथ व्यापार करने वाले सभी जहाजों पर लागू होगी, चाहे वह किसी भी देश के झंडे के तहत चल रहा हो।

अमेरिका ने पहली बार 13 अप्रैल को यह नाकाबंदी लागू की थी, जिसे 17 जून को ईरान के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के बाद निलंबित कर दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित