तेहरान , जुलाई 26 -- होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के निर्धारित रास्ते से हटकर चलने के कारण एक तेल टैंकर नौसैनिक सुरंग से टकरा गया, जिससे उसमें विस्फोट हो गया। ईरानी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

इसी बीच, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने बिना अनुमति रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने का प्रयास करने वाले छह जहाजों को रोके जाने का भी दावा किया है।

ईरानी समाचार वेबसाइट डेफ़ा प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, निर्धारित मार्ग से हटने के बाद टैंकर नौसैनिक सुरंग से टकरा गया। रिपोर्ट में जहाज को "नियमों का उल्लंघन करने वाला टैंकर" बताया गया है और कहा गया है कि ईरानी अधिकारियों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि निर्धारित समुद्री गलियारे से हटने वाले जहाज इसके परिणामों के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।

रिपोर्ट में जहाज की पहचान, उसके स्वामित्व, गंतव्य, किसी संभावित जनहानि अथवा पर्यावरणीय नुकसान के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गयी है।

इस बीच, ईरान के सरकारी टेलीविजन ने दावा किया कि आईआरजीसी नौसेना ने पिछले 24 घंटों के दौरान छह जहाजों को उस समय रोक लिया, जब उन्होंने ईरान द्वारा नियंत्रित निर्धारित समुद्री मार्ग के बाहर और बिना अनुमति होरमुज जलडमरूमध्य से गुजरने का प्रयास किया।

प्रसारक के अनुसार, आईआरजीसी नौसैनिक बलों ने जहाजों को रोकने से पहले चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाईं और उनका मार्ग बदलने तक उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।

यह घटनाक्रम आईआरजीसी द्वारा शनिवार को किए गए उस दावे के बाद सामने आया है, जिसमें कहा गया था कि रणनीतिक जलमार्ग से बिना अनुमति गुजरने का प्रयास करने वाले चार जहाजों को रोका गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, ये घटनाएं होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के बीच हुई हैं। यह जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान और अमेरिका ने पिछले महीने पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसका उद्देश्य इस्लामी गणराज्य के विरुद्ध कथित अमेरिकी-इजरायली सैन्य कार्रवाई को समाप्त करना था।

रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते के तहत ईरान ने 60 दिनों की अवधि के लिए होरमुज जलडमरूमध्य से बिना शुल्क के समुद्री आवागमन की अनुमति देने पर सहमति जताई थी। इसके अनुरूप ईरान ने जहाजों के लिए एक विशेष समुद्री मार्ग निर्धारित किया और अन्य मार्गों का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित