तेहरान , अक्टूबर 29 -- पिछले 24 घंटों के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण से गुजरने की कोशिश कर रहे तीन जहाजों में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग लग गयी। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

आईआरजीसी ने बताया कि जहाजों ने अपने रडार और नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिए थे और नौसेना की चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया। बयान के अनुसार, इन जहाजों को जलडमरूमध्य के दक्षिणी तटों पर छोड़ दिया गया था।

ब्रिटेन की समुद्री एजेंसी यूकेएमटीओ ने बताया कि उसे एक अन्य जहाज के कैप्टन से सूचना मिली है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज में आग लग गयी। एजेंसी ने आग लगने के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और न ही किसी के हताहत होने की कोई खबर दी।

एजेंसी ने बताया कि जलते हुए जहाज को खासाब के उत्तर में लगभग नौ नॉटिकल मील (17 किमी) दूर देखा गया। खासाब ओमान का एक शहर है जो जलडमरूमध्य के पास स्थित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित