तेहरान , जून 18 -- अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर हस्ताक्षर होने के कुछ घंटों बाद ही होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री यातायात में सुधार के संकेत दिखाई देने लगे हैं तथा कम से कम 10 वाणिज्यिक जहाज गुरुवार सुबह इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरे, जबकि छह अन्य जहाज फारस की खाड़ी से बाहर निकलने के लिए इसी मार्ग की ओर बढ़ते दिखायी दिये।

विश्व के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के बीच एकमात्र समुद्री संपर्क मार्ग है। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है।

यह संख्या युद्ध से पहले प्रतिदिन गुजरने वाले लगभग 135 जहाजों की तुलना में काफी कम है, लेकिन इसे समुद्री यातायात में उल्लेखनीय सुधार का संकेत माना जा रहा है। जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों में कतर एनर्जी द्वारा संचालित फ्रांसीसी ध्वज वाला तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) वाहक 'मराइख' तथा ग्रिमाल्डी समूह के स्वामित्व वाला एक वाहन वाहक जहाज भी शामिल था। दोनों जहाज खाड़ी के बंदरगाहों पर माल उतारने के बाद संघर्ष के कारण सामान्य समुद्री यातायात बाधित होने से फारस की खाड़ी में फंस गये थे।

इसके अलावा कुल 60 लाख बैरल कच्चा तेल लदे सऊदी अरब के ध्वज वाले तीन विशाल तेल टैंकर भी आज जलडमरूमध्य से होकर गुजरे। यातायात में वृद्धि के बावजूद नौवहन कंपनियों का मानना है कि सामान्य स्थिति बहाल होने में अभी समय लगेगा। समुद्री सुरक्षा, नौवहन प्रक्रियाओं तथा संघर्ष के दौरान बिछायी गयी नौसैनिक बारूदी सुरंगों को हटाने को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित