कैनबरा , अप्रैल 13 -- ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने कहा है कि अमेरिका ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य की नाकेबंदी में सहयोग के लिए कोई अनुरोध नहीं किया है और यह घोषणा एकतरफा तरीके से की गयी है।

उन्होंने कहा हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य सभी देशों के लिए खुला रहना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के अनुसार नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

श्री अल्बानीज़ ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया वैश्विक ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्रीय तनाव के समाधान के लिए वार्ता फिर से शुरू होनी चाहिए।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी केन्द्रीय कमान ने घोषणा की है कि वह ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले समुद्री यातायात की नाकेबंदी शुरू करेगा।

श्री अल्बानीज़ ने कहा, "हम चाहते हैं कि बातचीत जारी रहे और फिर से शुरू हो। हम इस संघर्ष का अंत देखना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य सभी के लिए खुला रहे। हम यह भी चाहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार नौवहन की स्वतंत्रता बनी रहे।"ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री 14 से 17 अप्रैल के बीच ब्रुनेई और मलेशिया की यात्रा करेंगे, जहां ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर चर्चा होगी।

यह यात्रा ऊर्जा, उर्वरक और अन्य ज़रूरी सामानों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय साझेदारों के साथ सहयोग करने के ऑस्ट्रेलिया के चल रहे प्रयासों का एक हिस्सा है।

श्री अल्बानीज़ ब्रुनेई में सुल्तान हाजी हसनल बोल्कियाह से मिलकर ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और ज़रूरी चीज़ों के व्यापार पर चर्चा करेंगे। ब्रुनेई ऑस्ट्रेलिया के डीज़ल आयात का नौ प्रतिशत और फर्टिलाइज़र-ग्रेड यूरिया का 11 प्रतिशत हिस्सा देता है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ब्रुनेई को खाद्य और कृषि उत्पादों का एक अहम सप्लायर बना हुआ है।

वह मलेशिया में ईंधन की आपूर्ति और अन्य ज़रूरी सामानों पर चर्चा करने के लिए दातो' सेरी अनवर बिन इब्राहिम से मुलाक़ात करेंगे। मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया के लिए रिफाइंड ईंधन का तीसरा सबसे बड़ा स्रोत है और उर्वरक-ग्रेड यूरिया के आयात का 10 प्रतिशत हिस्सा यहीं से आता है। विदेश मंत्री, सीनेटर पेनी वोंग, इन यात्राओं के दौरान अल्बानीज़ के साथ रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित