मुरादाबाद , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित नौवीं वाहिनी पीएसी मैदान में यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान शनिवार को लगातार दूसरे दिन चार अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। 4800 मीटर की दौड़ के दौरान अत्यधिक शारीरिक श्रम और थकान के कारण चार अभ्यर्थी अचानक गश खाकर ट्रैक पर गिर पड़े, जिससे परीक्षा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन अभ्यर्थियों को छुट्टी दे दी गई, जबकि एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती रखा गया है।
इससे पूर्व शुक्रवार को आयोजित परीक्षा में बरेली निवासी 27 वर्षीय कंप्यूटर साइंस इंजीनियर शिवम यादव की दौड़ के 12वें राउंड में लक्ष्य से महज 50 मीटर पहले अचानक गिर जाने के बाद मौत हो गई थी, जिसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है। मुरादाबाद, कांठ रोड स्थित पीएसी मैदान में शनिवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के पांचवें दिन 1050 अभ्यर्थियों को 28 मिनट में 4800 मीटर की दौड़ पूरी करने के लिए बुलाया गया था। विभिन्न पालियों में दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल करने वालों को फिट और असफल रहने वालों को अनफिट घोषित किया जा रहा था। इसी दौरान चार अभ्यर्थियों के गिरते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। पिछले चार दिनों में अब तक 12 अभ्यर्थी दौड़ के दौरान बेहोश हो चुके हैं।
नोडल अधिकारी एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि शनिवार की घटना के साथ-साथ शुक्रवार को हुई शिवम यादव की दुखद मृत्यु की विस्तृत रिपोर्ट भर्ती बोर्ड और शासन को भेज दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित