ग्रेटर नोएडा , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कोट नहर पुल के पास से नहर में छलांग लगा दी है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
पुलिस और गोताखोरों की त्वरित कार्रवाई के चलते व्यक्ति को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया गया। उसकी पहचान डेविड (30) पुत्र धनपाल, निवासी ग्राम आमका, कस्बा एवं थाना दादरी के रूप में हुई है।
डेविड वर्तमान में जिला प्रशासनिक कार्यालय में होमगार्ड के पद पर कार्यरत है। पुलिस द्वारा डेविड को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया, जहां उसकी चिकित्सकीय देखभाल की जा रही है। पूछताछ के दौरान डेविड ने बताया कि उसके पहले कई ऑपरेशन हो चुके हैं, जिसके कारण वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था।
इसी मानसिक और शारीरिक परेशानी के चलते उसने नहर में छलांग लगाने जैसा कदम उठा लिया।
पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित