उज्जैन , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के बाद शिप्रा नदी में स्नान के दौरान डूब रहे उत्तर प्रदेश के दो श्रद्धालुओं को होमगार्ड एवं राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों ने त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षित बचा लिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) निवासी शिवा केसरी (19) और विकास केसरी (17) महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद रामघाट स्थित आरती स्थल पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

घाट पर तैनात एसडीआरएफ जवान राजेंद्र रॉगोटा और होमगार्ड जवान विजय दायम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए शिप्रा नदी में छलांग लगा दी। दोनों जवानों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू के कारण दोनों श्रद्धालुओं की जान बच गई। प्राथमिक परीक्षण के बाद दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई।

उल्लेखनीय है कि धार्मिक नगरी उज्जैन में पर्व-त्योहारों और विशेष अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवान विभिन्न घाटों पर लगातार तैनात रहते हैं। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अब तक अनेक श्रद्धालुओं एवं नागरिकों का जीवन सुरक्षित बचाया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार रामघाट पर एसडीआरएफ की नियमित तैनाती के कारण डूबने की घटनाओं और जनहानि में उल्लेखनीय कमी आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित