मथुरा , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद मथुरा में यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को कुल 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 7104 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट नियमित अंतराल पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

श्री सिंह ने कहा कि परीक्षा की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि अभ्यर्थियों को पारदर्शी वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित