नोएडा , अगस्त 01 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में चार वर्षीय मासूम की पानी से भरी होदी में गिरने से मौत हो गई है।
पुलिस ने शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान फिरोज आलम उर्फ गोलू (04) पुत्र मुराजुद्दीन, निवासी ग्राम खर्तौना, थाना अटरिया, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। वर्तमान में उसका परिवार सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सेक्टर-123 स्थित पर्थला गोलचक्कर के पास झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मासूम अन्य बच्चों के साथ झुग्गियों के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह झुग्गी के पास बनी पानी से भरी होदी के करीब पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। कुछ देर बाद जब परिजनों और आसपास के लोगों को बच्चे के दिखाई न देने का पता चला तो उसकी तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान मासूम को होदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए बच्चे को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा की कार्रवाई संपन्न की। इसके बाद नियमानुसार बच्चे के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया है।
सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर निर्माण स्थलों और झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों के आसपास खुले एवं असुरक्षित पानी के गड्ढों तथा होदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों को सुरक्षित करने और बच्चों की पहुंच से दूर रखने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित