चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राज्यभर में सड़कों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और फॉरलेन निर्माण के कार्य तेज गति से जारी हैं जिससे यातायात सुगम हुआ है और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिला है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले को बेहतर और सुरक्षित सड़क नेटवर्क से जोड़ना है।

विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि होडल से पटौदी को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग को फॉरलेन बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इस परियोजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में होडल से बिलासपुर चौक वाया नूंह (0.00 से 71.00 किमी) तक सड़क को फॉरलेन बनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड के तहत 616.01 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके लिए लगभग 80 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसकी वन विभाग से मंजूरी प्रक्रियाधीन है। मंजूरी और ऋण स्वीकृति के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे।

दूसरे चरण में बिलासपुर चौक से कुलाना वाया पटौदी (71.00 से 96.00 किमी) तक फॉरलेन निर्माण हेतु 476.07 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह प्रस्ताव स्थायी वित्त समिति के पास विचाराधीन है। लगभग 27 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। सभी स्वीकृतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित