चंडीगढ़ , मार्च 18 -- हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि होडल निर्वाचन क्षेत्र के कुछ गांवों में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं।

सुश्री चौधरी ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक जगमोहन आनंद के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।

मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि के बंजर होने की बात सही नहीं है। केवल गढ़ी पट्टी और खच्ची खेड़ा गांवों की करीब 350 एकड़ भूमि ही जलभराव से प्रभावित हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित खेतों से पानी की निकासी के लिए एक विशेष परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पाइपलाइन बिछाने के साथ पांच सम्पवेल स्थापित किए जाएंगे, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकेगा। उन्हाेंने कहा कि यह परियोजना 31 दिसंबर 2025 को स्वीकृत हुई थी, जिसकी कुल लागत 1.94 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसे 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को राहत देना और उनकी भूमि को फिर से उपजाऊ बनाना है, ताकि खेती कार्य सुचारू रूप से जारी रह सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित