सीहोर , अक्टूबर 31 -- मध्य प्रदेश के सीहोर पुलिस ने शुक्रवार देर रात भोपाल इंदौर मार्ग हाईवे की एक होटल पर छापा मारकर पांच जुआरियों को हिरासत में लेकर उनके पास से 10 लाख 85 हजार रुपये बरामद किए। जुआ खेलने वाले सभी शहर के प्रतिष्ठित लोग हैं।
शनिवार को कोतवाली पुलिस के टी आई गिरीश दुबे के अनुसार सक्रिय मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि इंदौर-भोपाल हाईवे रोड, सीहोर बायपास स्थित 'द एमराल्ड होटल' के एक कमरे में कुछ व्यक्तियों द्वारा बड़े स्तर पर हार-जीत का दांव लगाकर अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है।
कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध तरीके से होटल के संबंधित कमरे में दबिश दी। पुलिस टीम ने मौके से पांच जुआरियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया तथा फड़ से कुल 10,85,000 रुपये नकद एवं ताश के पत्ते विधिवत जब्त किए। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 820/26, धारा 3/4 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित