मुरादाबाद , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने बड़े पैमाने पर अनैतिक देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य संचालक समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने रविवार को बताया कि कोतवाली क्षेत्र के बुध बाजार चौकी इलाके स्थित 'शेर ए पंजाब होटल' में अनैतिक गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर कोतवाली पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान होटल से आपत्तिजनक स्थिति में तीन महिलाओं समेत 11 पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि राहुल गुप्ता नामक व्यक्ति होटल को किराए पर लेकर देह व्यापार का संचालन कर रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली, गोरखपुर सहित अन्य स्थानों से महिलाओं को लालच और दबाव देकर इस अवैध धंधे में शामिल करता था। ग्राहकों को भी बाहर से बुलाया जाता था, जिनमें कुछ प्रभावशाली लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तार महिलाओं में दो दिल्ली और एक गोरखपुर की निवासी हैं।

मौके से पुलिस ने 15 सेक्स वर्धक गोलियां, 23 कंडोम (दो खाली रैपर सहित), 26,520 रुपये नकद और 17 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी के मोबाइल से आपत्तिजनक सामग्री और संदिग्ध संपर्क भी मिले हैं, जिससे आगे और खुलासे की संभावना है।

होटल का मूल मालिक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित