चेन्नई , मई 23 -- तमिलनाडु में अमृता अंतरराष्ट्रीय होटल प्रबंधन संस्थान के छात्रों ने सब्जियों पर नक्काशी करके और आकृति उकेर कर राज्य के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की तस्वीर बनायी और उनके प्रेरणादायक सफर और संघर्ष की अद्भुत कहानी को प्रदर्शित किया। इस तरह की कलाकृतियां छात्रों के धैर्य, सृजनात्मकता और कलात्मक कौशल को अभिव्यक्त करती हैं।
उल्लेखनीय है कि छात्रों ने सब्जियों और फलों पर की गई नक्काशी को स्कूल परिसर में बतौर एक प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया। छात्रों ने सब्जियों पर अपनी नक्काशी का हुनर मुख्यमंत्री के करीबी दोस्त अभिनेता संजीव और चेन्नई के अमृता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष आर. बूमीनाथन की मौजूदगी में दिखाया।
छात्रों ने श्री विजय के अभिनेता से राजनेता बनने तक के सफर को पूरी तरह से सब्जियों और फलों से बनी कलात्मक आकृतियों के जरिए प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन श्री संजीव और श्री बूमीनाथन ने किया, जिसमें कुल 69 कृतियां बनाई गईं, जो श्री विजय की पहली फिल्म 'नालया थीरपू' से लेकर उनकी आखिरी फिल्म 'जननायगन' तक की उपलब्धियों को दिखाते हैं, जिसको जारी करने की तारीख केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) विवाद के कारण अभी अधर में लटकी हुई है।
छात्रों ने श्री विजय की आकृतियां बहुत ध्यान से बनाईं, जो उनकी सृजनात्मकता, समर्पण और टीमवर्क को दिखाने का काम करते हैं।
श्री संजीव ने छात्रों की कलात्मक प्रतिभा और कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए श्री बूमीनाथन को ऐसे प्लेटफॉर्म बनाने के लिए बधाई भी दी जो छात्रों की सृजनात्मकता को उड़ान देते हैं। इसके साथ ही छात्रों की कौशल आधारित शिक्षा में भी अहम योगदान देते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित