बुरहानपुर , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शहर और आसपास के होटल-ढाबों सहित अन्य स्थानों पर दबिश देकर सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं।
कलेक्टर विवेक कुमार के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी पार्थ सारथी शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश गौर ने बताया कि अमरावती रोड स्थित सुकून ढाबा और चौधरी ढाबा तथा शाहपुर के महाजन ढाबा और महाकाल ढाबा पर कार्रवाई के दौरान 31 बोतल बीयर, रॉयल सिलेक्ट जिन के 20 पाव और 46 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। एक अन्य स्थान से 22 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा और 300 लीटर महुआ लाहन भी जब्त किया गया।
अवैध मदिरा विक्रेताओं के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य 45 हजार रुपये बताया गया है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश गौर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक शेरसिंह मोरे, केतन भाबर तथा आरक्षक केतन मौर्य, ब्रजेश जमरा, रवि पाल, पलक सिकरवार और पूजा जाधव का सहयोग रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित