रायपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित ट्यूलीप एरिना होटल के दो अकाउंटेंट के खिलाफ कंपनी के बैंक खाते से कथित तौर पर 28.16 लाख रुपए का अनधिकृत ट्रांसफर करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार फुंडहर स्थित ट्यूलीप एरिना होटल के ऑपरेशन प्रबंधक संजीव कुमार ने वित्तीय गड़बड़ी सामने आने के बाद तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी और जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में बताया गया है कि हिमांशु त्रिपाठी और नजीप जांगड़े कंपनी के बैंक खाते से भुगतान करने के लिए अधिकृत थे। आरोप है कि दोनों ने इस अधिकार का दुरुपयोग करते हुए कंपनी के खाते से अपने और अन्य लोगों से जुड़े बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की। इन लेन-देन को होटल के लेजर में अलग-अलग व्यक्तियों और फर्मों को किए गए भुगतान के रूप में दर्ज किए जाने का आरोप है।

शिकायत के मुताबिक सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी पर करीब 22.34 लाख रुपए और जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े पर 5.81 लाख रुपए के अनधिकृत ट्रांसफर का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा होटल की कैश बिलिंग से प्राप्त रकम को अपने पास रखने और उसे रिकॉर्ड में यूपीआई भुगतान के रूप में दर्शाने का भी आरोप है। शिकायत में कथित वित्तीय गड़बड़ी को छिपाने के लिए लेखा रिकॉर्ड, कंप्यूटर सिस्टम, सॉफ्टवेयर और ई-मेल में छेड़छाड़ किए जाने की बात भी कही गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित