भरतपुर , मार्च 02 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर के एक होटल में रविवार को करंट लगने से कर्मचारी की मौत से आक्रोशित ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सोमवार को शेरपुर तिराहे पर धरने पर बैठ गये, जिससे करीब एक घंटे तक रास्ता अवरुद्ध रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाद में वे कुंडेरा-सवाई माधोपुर मार्ग पर हेलीपैड के पास धरने पर बैठ गये। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गयी और मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि खिलचीपुर जनकपुर की ढाणी निवासी हरिकेश मीणा (32) कुतलपुरा गांव स्थित जंगल बुक होटल में हाउसकीपिंग का कार्य करता था। रविवार शाम वह होटल में बिजली से जुड़ा कार्य कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
होटल प्रबंधन ने पुलिस और परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए शव जिला अस्पताल भिजवा दिया। सुबह घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित