पेरिस , दिसंबर 31 -- मशहूर हॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता जॉर्ज क्लूनी अब आधिकारिक तौर पर फ्रांस के नागरिक बन गए हैं। फ्रांस सरकार ने क्लूनी के साथ उनकी पत्नी, मानवाधिकार वकील अमाल अलामुद्दीन क्लूनी और उनके दो बच्चों को भी फ्रांसीसी नागरिकता प्रदान की है।
फ्रांस के सरकारी राजपत्र में 27 दिसंबर को इस संबंध में एक आधिकारिक डिक्री (डिक्री) प्रकाशित की गई है।
इस 64 वर्षीय ऑस्कर विजेता अभिनेता ने हाल ही में एक रेडियो इंटरव्यू में फ्रांस के प्रति अपने प्रेम और यहां की नागरिकता लेने के फैसले पर खुलकर बात की थी। उन्होंने विशेष रूप से फ्रांस के कड़े निजता कानूनों की सराहना की।
क्लूनी ने कहा, "फ्रांस में स्कूल के गेट पर बच्चों की तस्वीरें लेने के लिए पापराज़ी छिपे नहीं रहते। हमारे लिए यह सबसे महत्वपूर्ण बात है। मुझे फ्रांसीसी संस्कृति और भाषा से लगाव है, हालांकि 400 दिनों के कोर्स के बाद भी मेरी फ्रेंच भाषा अभी कमजोर है।"अमेरिका और फ्रांस की दोहरी नागरिकता रखने वाले जॉर्ज क्लूनी का यूरोप से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके पास इटली के लेक कोमो और इंग्लैंड में भी संपत्तियां हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने दक्षिणी फ्रांस के ब्रिगनोल्स गांव के पास 'डोमेन डू कैनाडेल' नामक एक एस्टेट खरीदा था। उन्होंने बताया कि हालांकि उनका परिवार अक्सर यात्रा करता रहता है, लेकिन फ्रांस का घर वह जगह है जहां वे "सबसे अधिक खुश" रहते हैं।
जॉर्ज क्लूनी को फिल्म 'सीरियाना' (2006) के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और 'अर्गो' (2012) के निर्माता के रूप में दो ऑस्कर पुरस्कार मिल चुके हैं। वह अभिनय के साथ-साथ निर्देशन और सफल व्यावसायिक उपक्रमों के लिए भी जाने जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित