रांची , अगस्त 01 -- झारखंड राज्यस्तरीय सब जूनियर एवं जूनियर पुरुष हॉकी चैम्पियनशिप 2026 में भाग लेने वाली हॉकी रांची टीम के गठन के लिए चयन ट्रायल का आयोजन 5 अगस्त को किया जाएगा।

यह ट्रायल पूर्वाह्न 10 बजे से मोराबादी स्थित हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। चयन ट्रायल का उद्देश्य राज्यस्तरीय चैम्पियनशिप में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली सब जूनियर और जूनियर पुरुष टीम के लिए योग्य एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन करना है। रांची जिले के इच्छुक खिलाड़ी इसमें भाग ले सकते हैं।

आयु सीमा के अनुसार सब जूनियर वर्ग के लिए ऐसे खिलाड़ी पात्र होंगे, जिनका जन्म 1 जनवरी 2010 या उसके बाद हुआ हो। वहीं जूनियर वर्ग में 1 जनवरी 2007 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हो सकेंगे।

ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड तथा नगर निगम या ग्राम पंचायत द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र की मूल प्रति के साथ उसकी एक-एक छायाप्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित