कोलकाता , मई 26 -- तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नेअंतरराष्ट्रीय हॉकर दिवस के अवसर पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और भाजपा पर बेदखली अभियान तथा सड़क किनारे के स्टालों को ढहाये जाने के जरिए राज्य में हॉकर्स एवं रेहड़ी-पटरी वालों पर 'अत्याचार' करने का आरोप लगाया।

सुश्री बनर्जी ने 'एक्स' पर अपने पोस्ट में कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से असंगठित क्षेत्र के लोगों के साथ किये जा रहे व्यवहार से वह 'आश्चर्यचकित, क्रोधित और बेहद आहत' हैं। उन्होंने लिखा, "26 मई को दुनिया भर में मनाये जाने वाले अंतरराष्ट्रीय हॉकर दिवस पर मैं अपने मेहनती हॉकर भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं देती हूं। इसके साथ ही मैं उनके प्रति एकजुटता व्यक्त करती हूं।"तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि हॉकर्स को बिना पुनर्वास के बेदखल किया जा रहा है और "उनके आंसुओं और पीड़ा की परवाह किये बिना" उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी, "अत्याचार करने वालों को निश्चित रूप से इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।" इसके साथ ही उन्होंने इस समुदाय के प्रति अपनी पार्टी के समर्थन को दोहराया। हॉकर्स और छोटे व्यापारियों को संबोधित अपने संदेश में सुश्री बनर्जी ने कहा, "मैं आपके साथ खड़ी थी, खड़ी हूं और हमेशा खड़ी रहूंगी।"सुश्री बनर्जी ने कहा कि यह अवसर उन रेहड़ी-पटरी वालों, हॉकर्स और छोटे व्यापारियों के योगदान को मान्यता देता है, जो असंगठित अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और शहरी क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं प्रदान करते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स (आजीविका का संरक्षण और स्ट्रीट वेंडिंग का विनियमन) अधिनियम, 2014 का भी जिक्र किया, जिसे हॉकर्स को मनमानी बेदखली और उत्पीड़न से बचाने के लिए बनाया गया था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उच्चतम न्यायालय ने कई फैसलों में हॉकर्स की आजीविका के अधिकार को अनुच्छेद 19(1)(जी) और 21 के तहत संवैधानिक गारंटी का हिस्सा माना है।

सुश्री बनर्जी का तर्क है कि शहरी योजना का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों से हॉकर्स को हटाना नहीं, बल्कि संगठित नगर निकाय बाजारों और विनियमित वेंडिंग जोन के माध्यम से उन्हें शहर की अर्थव्यवस्था में व्यवस्थित रूप से शामिल करना होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित