लंदन , जुलाई 25 -- हैम्पशायर के गेंदबाज आशुतोष शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मिडिलसेक्स के खिलाफ मेट्रो बैंक वनडे कप में चार विकेट झटके। उनके अच्छे प्रदर्शन के बावजूद हैम्पशायर को हार का सामना करना पड़ा।

मिडिलसेक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट पर 284 रन बनाए थे। इसके जवाब में हैम्पशायर की पूरी टीम 124 पर ही सिमट गई। बल्लेबाजी में आशुतोष एक बार फिर विफल रहे और इस बार वह अपना खाता नहीं खोल पाए।

आशुतोष ने 54 रन देकर चार विकेट हासिल किए जिसमें मिडिलसेक्स के सलामी बल्लेबाज़ नेथन फ़र्नांडिस का विकेट शामिल था जो कि 45 रन बनाकर खेल रहे थे। फ़र्नांडिस का विकेट लेते हुए आशुतोष ने मिडिलसेक्स की 103 रनों की सलामी साझेदारी को तोड़ा था। फ़र्नांडिस आशुतोष की गेंद को मिडऑन पर चिप कर बैठे।

एक समय लग रहा था कि मिडिलसेक्स आसानी से 300 के स्कोर तक पहुंच जाएगी। अंतिम सात ओवर में हैम्पशायर ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए उन्हें मात्र 41 रन बनाने दिए और इस दौरान मिडिलसेक्स ने छह विकेट गवांए। इन छह में से तीन विकेट आशुतोष ने लिये।

सलामी बल्लेबाज फर्नांडिस का विकेट निकालने के अलावा आशुतोष ने मिडिलसेक्स के विकेटकीपर बल्लेबाज जो क्रैकनेल (17), जफर गोहर (शून्य) और जेए नेल्सन (एक) का विकेट हासिल किया। आशुतोष मैच में हैम्पशायर की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने नौ ओवर की गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक चार विकेट निकाले जो कि उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा भी है। हैम्पशायर के लिए आशुतोष के अलावा चार अलग-अलग गेंदबाजों को एक-एक विकेट हासिल हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित