कोलकाता , मई 17 -- तेज गेंदबाज मतीशा पथिराना का आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए डेब्यू सिर्फ़ आठ गेंदों तक ही सीमित रहा। दूसरी पारी में गुजरात टाइटंस (जीटी) के ख़िलाफ़ कोलकाता में गेंदबाज़ी करते हुए हैमस्ट्रिंग में परेशानी महसूस होने के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
श्रीलंका के इस स्लिंगर को केकेआर ने अपनी गेंदबाज़ी पारी के दौरान इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा था और उन्हें चौथे ओवर में गेंदबाज़ी सौंपी गई। अपने पहले ओवर में उन्होंने सात रन दिए।
लेकिन दूसरे ओवर में पहली गेंद डालने के बाद पथिराना ने अपनी हैमस्ट्रिंग के आसपास परेशानी की ओर इशारा किया और ज़मीन पर बैठ गए। टीम फ़िज़ियो ने उनका उपचार किया और उन्होंने एक और गेंद डालने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी रफ़्तार से गेंदबाज़ी नहीं कर पा रहे थे। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे से बातचीत के बाद पथिराना मैदान से बाहर चले गए। वह अपने दूसरे ओवर में सिर्फ़ दो गेंदें ही डाल सके।
आईपीएल 2026 में पथिराना की भागीदारी केकेआर के लिए काफ़ी बहुप्रतीक्षित थी। फ़्रेंचाइज़ी ने उन्हें 18 करोड़ रूपये में ख़रीदा था, लेकिन फ़िटनेस समस्याओं के कारण उनका आग़ाज़ देर से हुआ। 2026 टी20 विश्व कप में भी पथिराना ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ श्रीलंका के मैच के दौरान अपना स्पेल अधूरा छोड़कर बाहर चले गए थे और बाद में पूरा टूर्नामेंट मिस कर दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित