अररिया , अक्टूबर 19 -- जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने सोमवार को कहा कि हैदराबाद से आकर असदुद्दीन ओवैसी सीमांचल की तकदीर नही बदल सकते हैं।श्री किशोर ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि एआईएमआईएम क्या कहता है, इससे उन्हें कोई मतलब नहीं है। चुनाव जीतना और हारना अलग बात है, लेकिन इतना तय है कि यह पार्टी सीमांचल और बिहार की समस्याओं को दूर नहीं कर सकती है।
जनसुराज के नेता ने कहा कि सीमांचल की स्थिति में सुधार बिहार के नेता ही ला सकते हैं, न कि हैदराबाद से आने वाले नेता या राजनीतिक दल।
श्री किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह गुजरात से आकर मोदी और अमित शाह बिहार की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते, उसी तरह हैदराबाद से आकर असदुद्दीन ओवैसी भी यहां की तकलीफें दूर नहीं कर सकते।
श्री किशोर ने अपने बयान के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रीय नेतृत्व की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सीमांचल और बिहार की चुनौतियों से निपटने के लिए यहां की परिस्थितियों को समझने वाले नेताओं को आगे आना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित