हैदराबाद , मई 20 -- साउथवेस्ट एयरलाइंस की कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं मुख्य सूचना अधिकारी (सीआईओ) लॉरेन वुड्स ने बुधवार को कहा कि हैदराबाद में एयरलाइन का शुरू किया गया नया वैश्विक नवाचार केंद्र (जीआईसी) उसके ग्लोबल नेटवर्क में एक अहम केंद्र के तौर पर काम करेगा। उन्होंने कहा कि इसका मकसद व्यापार एवं तकनीक की क्षमताओं को मज़बूत करना और भविष्य के लिए तैयार विमानन समाधानों को बढ़ावा देना है।
गाचीबोवली के नॉलेज सिटी में साउथवेस्ट एयरलाइंस के वैश्विक नवाचार केंद्र के उद्घाटन के मौके पर मीडिया से बात करते हुए श्री लॉरेन ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य हैदराबाद सेंटर को अपने अमेरिकी ऑपरेशन्स का विस्तार केंद्र बनाना है और साथ ही स्थानीय प्रतिभा एवं तकनीकी अवसंरचना में भारी निवेश करना है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में अभी करीब 170 कर्मचारियों के बैठने की क्षमता है, और भविष्य में धीरे-धीरे इसका विस्तार करके कर्मचारियों की संख्या करीब 1,000 तक पहुंचाने की योजना है। श्री लॉरेन ने कहा कि कंपनी शुरू में मुख्य तकनीकी संचालन पर ध्यान देगी, जिसमें नेटवर्क इंजीनियरिंग और विकास संचालन के काम शामिल हैं। इसके बाद वह कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) , डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, प्रोडक्ट मैनेजमेंट और बिज़नेस क्षमताओं के क्षेत्रों में विस्तार करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित