हैदराबाद , सितंबर 10 -- तेलंगाना में हैदराबाद विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर राजादुराई चंद्रशेखर को वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी उन्नति में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए) का फेलो चुना गया है।

प्रोफेसर चंद्रशेखर के फेलो की अवधि जनवरी 2027 से शुरु होगी। इस सम्मान के साथ, वह भारत की तीनों राष्ट्रीय विज्ञान अकादमियों के फेलो रहे चुनिंदा वैज्ञानिकों के समूह में शामिल हो गये हैं।

वे ब्रिटेन की रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री के भी फेलो हैं। इसके साथ ही श्री चंद्रशेखर स्टैनफोर्ड की वैश्विक सूची में नैनो विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल हैं।

श्री चंद्रशेखर को पदार्थ विज्ञान में उनके योगदान के लिये कई सम्मान प्राप्त हुये हैं, जिनमें सर्ब विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अनुसंधान पुरस्कार, भारतीय सामग्री अनुसंधान सोसायटी पदक (एमआरएसआई) और यंग इन्वेस्टिगेटर मीटिंग ( वाईआईएम) बोस्टन युवा वैज्ञानिक पुरस्कार शामिल हैं। वहीं उन्होंने 47 के एच-इंडेक्स के साथ उच्च प्रभाव वाले अनुसंधान कार्यों का व्यापक रिकॉर्ड भी बनाया है।

हैदराबाद विश्वविद्यालय के एक बयान के अनुसार, उनका वर्तमान शोध कार्यक्रम योग्य ऑप्टिकल संचार उपकरणों के लिये कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई)-संचालित नरम पदार्थ पर केंद्रित है। यह जे सी बोस ग्रांट द्वारा समर्थित है जो अगली पीढ़ी की ऑप्टिकल प्रौद्योगिकियों के लिये कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नरम पदार्थ और फोटोनिक्स को एकीकृत करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित