हैदराबाद , अगस्त 01 -- हैदराबाद मादक पदार्थ प्रवर्तन शाखा (एच-एनईडब्ल्यू) ने हुसैनीआलम पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर एक स्थानीय ड्रग तस्कर और मुंबई के एक ट्रांसपोर्टर सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से अनुमानित 13.24 लाख रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक गांजा (जल-संवर्धित भांग), कोकीन और एलएसडी ब्लॉट जब्त किये गये।
पुलिस ने शनिवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि आरोपियों की पहचान चारमीनार के बाबरी अलावा निवासी चालक मो. सैफ (31) और मुंबई के कुर्ला वेस्ट निवासी बेरोजगार समीर बाबूभाई वाघेला (25) के रूप में हुई है। उनके पास से 120 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा, 5 ग्राम कोकीन, 27 एलएसडी ब्लॉट, दो मोबाइल फोन और एक मारुति सुजुकी बलेनो कार जब्त की गयी, जिसकी कुल कीमत लगभग 13.24 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, मो. सैफ कथित तौर पर मुंबई के आदित्य नामक एक फरार आपूर्तिकर्ता से समीर वाघेला के माध्यम से मादक पदार्थ मंगवाता था। कथित तौर पर वह इन खेपों को हैदराबाद पहुंचाता था। सैफ पर अपने स्थानीय नेटवर्क के जरिये शहर में लोगों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करने का आरोप है। आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध लाभ कमाने और आलीशान जीवन शैली को पूरा करने के लिए ऊंची कीमतों पर प्रतिबंधित सामान बेचा, जबकि मोबाइल संचार का उपयोग करके खरीद और वितरण का समन्वय किया।
पुलिस ने बताया कि सैफ पहले भी आबिद और अफजलगंज पुलिस स्टेशनों में दर्ज आपराधिक मामलों में शामिल रहा था। ये गिरफ्तारियां 30 जुलाई को विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर हुसैनीआलम पुलिस स्टेशन की सीमा के तहत खिलवत में मुर्गी चौक के पास चलाये गये एक विशेष अभियान के दौरान की गयीं। यह अभियान नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हैदराबाद शहर पुलिस के जारी अभियान के हिस्से के रूप में वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में चलाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित