हैदराबाद , अगस्त 22 -- तेलंगाना पुलिस ने यहां एक अंतरराज्यीय हशीश ऑयल तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए लगभग 1.75 करोड़ रुपये मूल्य का 14.2 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त करने में सफलता हासिल की।

मलकाजगिरि की पुलिस आयुक्त बी. सुमति ने शनिवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के रहने वाले दो आरोपियों थल्ले नागराजू (30) और नगुला नारायणा उर्फ किरण (39) को गिरफ्तार किया गया है। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को नागोले के गौरैली एक्स रोड पर एक मोटरसाइकिल को रोका और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। ये हशीश ऑयल से भरे बैग ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने प्रत्येक आरोपी के पास से हशीश ऑयल के सात-सात पैकेट बरामद किये। इनका वजन लगभग 14.2 किलोग्राम था। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और 2,500 रुपये नकद भी जब्त किये गये।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि ओडिशा के मलकानगिरी जिले के तमारा गोपाल नामक व्यक्ति ने हैदराबाद में डिलीवरी के लिए उन्हें लगभग 7-7 किलोग्राम हशीश ऑयल के दो बैग सौंपे थे।

सुमति ने बताया कि गोपाल ने नशीले पदार्थ को हैदराबाद पहुंचाने के लिए दोनों आरोपियों को एक-एक लाख रुपये देने का वादा किया था। आरोपी पुलिस चेकिंग से बचने के लिए ग्रामीण रास्तों से होकर शहर पहुंचे थे और हैदराबाद पहुंचने के बाद उन्हें डिलीवरी लेने वाले की जानकारी मिलने वाली थी।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी फिलहाल फरार चल रहे गोपाल के माध्यम से गांजा और हशीश ऑयल सहित प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी और आपूर्ति में शामिल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित