हैदराबाद , मई 04 -- खान-पान की स्वस्थ आदतों और टिकाऊ खाद्य पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को राजेंद्रनगर स्थित भारतीय कदन अनुसंधान संस्थान (आईआईएमआर) में मोटे अनाज (मिलेट्स) के सेवन को प्रोत्साहित करने वाला एक देशव्यापी अभियान ''दिन में एक बार के भोजन में मोटा अनाज (कदन)'' शुरू किया गया।

'मिलेट मार्वल्स' के 'आईआईएमआर' और 'न्यूट्रीहब' के सहयोग से शुरू की गयी इस पहल को सुपर स्टार नागार्जुन अक्किनेनी का समर्थन मिला है। उन्होंने एक वीडियो संदेश में लोगों से दैनिक आहार में मोटे अनाज को शामिल करने का आग्रह किया।

तेलंगाना के विधायक जनमपल्ली अनिरुद्ध रेड्डी ने आधिकारिक तौर पर इस मिशन की शुरुआत की। उन्होंने मोटे अनाज के पोषण संबंधी और पर्यावरणीय लाभों पर कहा कि धान जैसी पारंपरिक फसलों की तुलना में इनके लिए बहुत कम पानी की आवश्यकता होती है।

विशेषज्ञों ने उल्लेख किया कि आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर मोटे अनाज जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने और सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

यह अभियान व्यक्तियों को प्रतिदिन कम से कम एक बार मोटे अनाज पर आधारित भोजन अपनाने और एक शृंखला-आधारित शपथ प्रणाली के जरिये जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित