हैदराबाद , मई 10 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि हैदराबाद में राष्ट्रीय और वैश्विक दोनों स्तरों की अपार संभावनाएं हैं और यह तेलंगाना तथा देश के तेज विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने हैदराबाद में 9,377 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन और शिलान्यास किया। श्री मोदी ने माधापुर स्थित हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एचआईसीसी) में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से हैदराबाद और तेलंगाना को बड़े विनिर्माण केंद्रों में बदलने में मदद मिलेगी और हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
प्रधानमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया उनमें 2,360.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली जहीराबाद इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी परियोजना, 3,175 करोड़ रुपये की गुडेबल्लूर-महबूबनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-167 विस्तार परियोजना और 1,695.54 करोड़ रुपये की लागत वाली वारंगल स्थित पीएम मित्र काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क शामिल हैं।
इसके अलावा मलाकापुर में 611 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ग्रीनफील्ड पीओएल टर्मिनल, 1,243 करोड़ रुपये की 118 किलोमीटर लंबी काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग रेलवे परियोजना तथा 292 करोड़ रुपये की लागत वाली 21 किलोमीटर लंबी काजीपेट रेल और रेल बाईपास लाइन परियोजना भी शामिल है।
श्री मोदी ने कहा कि जहीराबाद इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, आधुनिक आईसीटी नेटवर्क और अत्याधुनिक औद्योगिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे वैश्विक निवेश आकर्षित होगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
वारंगल के पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत के वस्त्र क्षेत्र को मजबूत करेगी और विशेष रूप से महिलाओं के लिए रोजगार सृजित करेगी।
श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना में सड़क, रेल और ऊर्जा क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में राज्य का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क दोगुना हो गया है। उन्होंने बताया कि तेलंगाना में वर्तमान में लगभग 50,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं कार्यान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं तथा राज्य में पांच वंदे भारत और छह अमृत भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मलाकापुर में स्थापित इंडियन ऑयल टर्मिनल तेलंगाना की ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करेगा और राज्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार तेलंगाना के विकास के लिए तेज गति से कार्य करती रहेगी और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।
इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इन विकास परियोजनाओं को राज्य के लिए "विकास उत्सव" बताया और कहा कि राज्य सरकार "तेलंगाना राइजिंग 2047" दृष्टि को केंद्र के "विकसित भारत 2047" मिशन के साथ जोड़कर आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि देश की तीन प्रतिशत से कम आबादी वाला तेलंगाना वर्तमान में राष्ट्रीय जीडीपी में लगभग पांच प्रतिशत योगदान दे रहा है और आने वाले वर्षों में इसे 10 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। श्री रेड्डी ने श्री मोदी से क्षेत्रीय रिंग रोड, मेट्रो रेल विस्तार, मूसी नदी पुनर्जीवन, फ्यूचर सिटी रेडियल रोड और मछलीपट्टनम बंदरगाह से एक्सप्रेसवे एवं रेल संपर्क जैसी प्रमुख परियोजनाओं के लिए पूर्ण सहयोग देने का अनुरोध किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित