हैदराबाद , अक्टूबर 27 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के कंचनबाग इलाके में 18 वर्षीय महिला का बार-बार यौन उत्पीड़न करने और उसे बंधक बनाकर आपराधिक धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 64(2)(एम), 127(4) और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के मुताबिक महिला मई 2026 में मोहम्मद फैयाज के साथ हैदराबाद आयी थी, जिसने उससे शादी करने का वादा किया था। शादी के बाद वे शहर के हफीज बाबा नगर में एक किराए के मकान में रहने लगे। महिला का आरोप है कि बाद में फैयाज अपने तीन साथियों अहमद मुजीब, नूर कमाल और जिया-उर-रहमान उर्फ इब्राहिम को भी उसी घर में ले आया। उसने यह भी आरोप लगाया कि फैयाज घर से बाहर जाते समय बाहर से ताला लगा देता था और उसके साथियों ने कई मौकों पर महिला का यौन उत्पीड़न किया। इसके साथ ही उन्होंने उसे इस बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी।
मकान मालिक 23 अक्टूबर को जब बकाया किराया लेने आया, तो उसने घर को बाहर से बंद पाया। इसके बाद उसने ताला तोड़ दिया। महिला ने अपने परिवार से संपर्क किया और बालापुर की रॉयल कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर चली गयी, जिसके बाद उसने कंचनबाग पुलिस में शिकायत दर्ज करायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित