हैदराबाद , जुलाई 05 -- केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने यहां मानसून की बेहतर तैयारियों, पर्यावरण संरक्षण और वर्षा जल संचयन की जरूरत पर जोर दिया है।
उन्होंने रविवार को नामपल्ली विधानसभा क्षेत्र के कई पार्कों में ओपन जिम का उद्घाटन किया और सिकंदराबाद संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले इस विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों का दौरा करने के बाद कहा कि देश के विकास में योगदान देने के लिए नागरिकों को फिट और स्वस्थ बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'फिट इंडिया, हेल्दी इंडिया' विजन के तहत इन ओपन जिमों की शुरुआत की गयी है।
शहर में मानसून की तैयारियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार वृहत हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) सीमा के भीतर पौधरोपण, नालों की गाद निकालने और पाइपलाइनों की सफाई जैसे मानसून-पूर्व के जरूरी काम कराने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि अब तो हल्की बारिश में ही हैदराबाद की सड़कें पानी से भर जाती हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
केंद्रीय मंत्री ने पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार और मौजूदा कांग्रेस सरकार दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद को लंदन या सिंगापुर की तर्ज पर विश्व स्तरीय शहर बनाने के बड़े-बड़े वादों के बावजूद पिछले कई वर्षों में जमीनी स्तर पर कोई खास काम नहीं हुआ है। बदलते मौसम के बीच जल संरक्षण की अहमियत बताते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर को सुधारने और पानी के स्रोतों को बचाये रखने के लिए बारिश की एक-एक बूंद को सहेजना बेहद जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित