हैदराबाद , मई 31 -- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (टीजीसीएसबी) से जुड़े एक पुलिस निरीक्षक को रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
एसीबी की ओर से शनिवार रात जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार हैदराबाद स्थित टीजीसीएसबी के साइबर अपराध थाना के निरीक्षक बाथुला महेंद्र के खिलाफ आपराधिक कदाचार का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से नौ लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसके बदले में उसने हैदराबाद स्थित टीजीसीएसबी के सेंट्रल क्राइम थाना (सीसीपीएस) में दर्ज एक साइबर धोखाधड़ी के मामले में शिकायतकर्ता के परिवार के सदस्यों और दोस्तों को शामिल न करने का वादा किया था। एसीबी ने बताया कि अधिकारी ने पहले ही शिकायतकर्ता से आंशिक भुगतान के तौर पर पांच लाख रुपये नकद स्वीकार कर लिए थे। निरीक्षक ने शनिवार को कथित तौर पर शेष चार लाख रुपये की मांग की और अपने कार्यालय में शिकायतकर्ता को धमकी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित