हैदराबाद , अक्टूबर 14 -- तेलंगाना में गोशामहल पुलिस ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के मुफ्त टिकट सोशल मीडिया मंचों के जरिए ऊंचे दामों पर बेचने के आरोप में हैदराबाद क्रिकेट संघ (एचसीए) के सदस्य सतीश चंद्र श्रीवास्तव और उनके पुत्र आकर्षित श्रीवास्तव समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
मैच बुधवार को शाम सात बजे उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। अन्य आरोपियों की पहचान अविनाश दारक और मोहित सोमानी के रूप में हुई है।
गोशामहल थाने के पुलिस निरीक्षक बी. श्रवण कुमार ने बताया कि चारों आरोपियों को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(1) और 318(2) तथा सीपी अधिनियम की धारा 21(जीजी) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से क्रिकेट मैच के 11 मुफ्त टिकट बरामद किये हैं, जिन पर 'बिक्री के लिए नहीं' लिखा हुआ था। इसके अलावा नवरात्रि कार्यक्रम के आठ प्रवेश-पत्र, पांच हजार रुपये नकद, एक दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 12 अक्टूबर को सामने आया, जब सहायक उपनिरीक्षक वी. जनार्दन नाइक को गश्त के दौरान एक कांस्टेबल के साथ बेगम बाजार स्थित एसडी मॉल के पास क्रिकेट मैच के टिकटों की अवैध बिक्री की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और 24 वर्षीय अविनाश दारक तथा 30 वर्षीय मोहित सोमानी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने आकर्षित श्रीवास्तव से टिकट प्राप्त किए थे और उन्हें व्हाट्सऐप स्टेटस तथा इंस्टाग्राम के जरिए बिक्री के लिए प्रचारित किया था। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आकर्षित ने कथित तौर पर बताया कि उसके पिता और एचसीए सदस्य सतीश चंद्र श्रीवास्तव ने उसे मुफ्त टिकट दिये थे।
पुलिस ने बताया कि आकर्षित ने कथित तौर पर ये टिकट अविनाश को बेचे थे। अविनाश ने अपने बहनोई मोहित की मदद से सोशल मीडिया पर टिकटों की बिक्री का प्रचार किया और इच्छुक खरीदारों को ऊंचे दामों पर टिकट बेचे। जब्त किए गए मोबाइल फोन में सैमसंग गैलेक्सी एस24 अल्ट्रा, वनप्लस 7टी, आईफोन 13 प्रो मैक्स, वनप्लस 7 प्रो और सैमसंग गैलेक्सी एस25 अल्ट्रा शामिल हैं। पुलिस ने नीले रंग का सुजुकी एक्सेस स्कूटर भी जब्त किया है, जिसका पंजीकरण नंबर टीएस 11 ईएच 3234 है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित