हैदराबाद , अक्टूबर 19 -- तेलंगाना में हैदराबाद के पुलिस हॉकी मैदान में कंट्री क्लब हॉस्पिटैलिटी एंड हॉलिडेज़ लिमिटेड ने 'एशिया के सबसे बड़े नवरात्रि उत्सव 2026' का आयोजन किया है जिसमें हैदराबाद में तुर्की गणराज्य के महावाणिज्य दूत ओरहान यालमन ओकान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कंट्री क्लब के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वाई. राजीव रेड्डी ने रविवार रात आयोजित एक कार्यक्रम में श्री ओरहान को 'कंट्री क्लब मास्टर कार्ड तुर्की' भेंट किया।
श्री रेड्डी ने बाद में मीडिया से बात करते हुए कहा कि इन समारोहों ने नवरात्रि की जीवंत परंपराओं तथा लोगों तथा संस्कृतियों के बीच के गहरे संबंधों को दर्शाया है। उन्होंने बताया कि कंट्री क्लब भारत और तुर्की के बीच पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आतिथ्य संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।
हैदराबाद में कंट्री क्लब की बेगमपेट प्रॉपर्टी पर महावाणिज्य दूत के दौरे के बाद इस पहल को गति मिली। इस दौरान दोनों पक्षों ने तुर्की में कंट्री क्लब की मौजूदगी स्थापित करने के अवसरों पर चर्चा की। इसके बाद, श्री रेड्डी ने तुर्की का दौरा किया, जहां उन्होंने तुर्क के आतिथ्य एवं पर्यटन की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। इस यात्रा में इस्तांबुल, कप्पाडोसिया, पामुक्कले और अंताल्या जैसे स्थान शामिल थे।
इस यात्रा के दौरान श्री रेड्डी ने इस्तांबुल में भारत के महावाणिज्य दूत मिजिटो विनीतो से भी मुलाकात की और नॉस ग्रुप सहित आतिथ्य क्षेत्र के साझेदारों के साथ चर्चा की। इन प्रयासों से पूरे तुर्की में 60 से अधिक संपत्तियों का एक नेटवर्क तैयार हुआ है जिससे भारतीय यात्रियों के लिए छुट्टियों के विकल्प और बढ़ गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित