हैदराबाद , अक्टूबर 20 -- हैदराबाद पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने मंगलवार को लोगों से अपील की कि वे दशहरा त्योहार के दौरान शुभ मानने के नाम पर तेलंगाना के राजकीय पक्षी इंडियन रोलर (नीलकंठ) को न पकड़ें, न पिंजरे में बंद करें और न ही बेचें।

श्री सज्जनार ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह त्योहार खुशी, आज़ादी और सभी जीव-जंतुओं के प्रति करुणा का अवसर होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर चिंता जाहिर की कि त्योहारों के दौरान नीलकंठ पक्षियों को पकड़ा जा रहा है, उनके पंख काटे जा रहे हैं, उन्हें पिंजरों में कैद किया जा रहा है और बेचा जा रहा है।

उन्होंने पूछा कि क्या किसी बेज़ुबान जीव को उसकी आज़ादी से वंचित करना और उसे बिना भोजन-पानी के तड़पाना, किसी के लिए भी समृद्धि या भलाई ला सकता है। श्री सज्जनार ने नीलकंठ को किसानों का मित्र और पर्यावरण का रक्षक बताते हुए कहा कि यह पक्षी प्रकृति की सुंदरता और समाज की गरिमा तभी बढ़ाता है, जब वह अपने पंख फैलाकर खुले आसमान में आज़ादी से उड़ सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि नीलकंठ को पकड़ना, बेचना या प्रदर्शित करना 'वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972' के तहत एक अपराध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पिंजरों में बंद पक्षियों के प्रदर्शन को बढ़ावा न दें और त्योहारों के दौरान वन्यजीवों की रक्षा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित