हैदराबाद , अक्टूबर 03 -- तेलंगाना के हैदराबाद में श्री संतोषी माता मंदिर में देवी की मूर्ति पर लकड़ियां फेंकने के आरोप में मानसिक रूप से अस्वस्थ अमेरिका निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। घटना शुक्रवार सुबह की है। आरोपी की पहचान संगारेड्डी मूल के अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में रहने वाले इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर मोहम्मद अब्दुल अंसारी उर्फ अब्दुल्ला अंसारी के रूप में हुई है, जो मानसिक स्वास्थ्य का इलाज करवाने के लिए फिलहाल अस्थायी रूप से हैदराबाद में रह रहा था। श्रद्धालुओं और मंदिर के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया था। सूचना मिलने पर चैतन्यपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। श्री संतोषी माता देवस्थानम के अध्यक्ष पोटेले श्रीनिवास यादव की दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।आरोपी को अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी बीमारी के इलाज के लिए लगभग चार महीने पहले भारत आया था। पुलिस ने कहा कि जांच के हिस्से के रूप में इस दावे का सत्यापन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित