हैदराबाद , जून 05 -- हैदराबाद के गांधी अस्पताल में इबोला संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर दो हो जाने के बाद तेलंगाना स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है1गौरतलब है कि मध्य अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के प्रसार ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, मोहम्मद यागुच अहमद नामक एक 36 वर्षीय सूडानी नागरिक गुरुवार तड़के हैदराबाद पहुंचा था। शमशाबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नियमित चिकित्सा जांच के दौरान अधिकारियों को उसमें इबोला वायरस से जुड़े संदिग्ध लक्षण मिले।

यात्री को तुरंत गांधी अस्पताल ले जाया गया और इलाज तथा निगरानी के लिए एक विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि रिपोर्टों के मुताबिक, अहमद हैदराबाद के एक शैक्षणिक संस्थान का छात्र है। उसके निकट संपर्क में आये एक अन्य व्यक्ति को भी विशेष निगरानी में रखा गया है और उसकी चिकित्सकीय जांच की जा रही है।

गांधी अस्पताल में इबोला के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि मरीज से लिये गये रक्त के नमूने प्रारंभिक जांच के लिए हैदराबाद के सेंटर फॉर सेलुलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी भेजे गये हैं और इसके बाद पुष्टि के लिए इन्हें नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी), पुणे भेजा जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित