हैदराबाद , जून 06 -- तेलंगाना के औषधि नियंत्रण प्रशासन (डीसीए) ने शहर के कुकटपल्ली स्थित प्रशांती नगर में निषेध एवं आबकारी विभाग के साथ संयुक्त छापेमारी के दौरान सक्रिय औषधीय संघटकों (एपीआई) की कथित अवैध बिक्री का भंडाफोड़ किया है।

औषधि नियंत्रण प्रशासन (डीसीए) ने शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि मेडकल-मलकाजगिरि जिले के प्रशांति नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एनसीएस कॉम्प्लेक्स में सिनिक्स लैब्स के नाम से संचालित परिसर पर छापा मारा गया। जांच के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए सक्रिय औषधीय संघटकों (एपीआई) की बिना लाइसेंस बिक्री का पता चला।

छापेमारी के दौरान परिसर से 170 ग्राम एंटीवायरल दवा जिडोवुडीनका भंडार बरामद किया गया। इसके अलावा एपीआई की खरीद-बिक्री से संबंधित चालान और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए। यह गतिविधि बिना वैध ड्रग लाइसेंस के की जा रही थी, जो इस कानून के तहत पांच साल तक की सजा वाला अपराध है। यह छापेमारी उप निदेशक-1, जी. श्रीनिवास की देखरेख में मेडचल के सहायक निदेशक डॉ. बी. लक्ष्मी नारायण और प्रशांती नगर की ड्रग्स निरीक्षक डॉ. आर. गीतांजलि ने की। लैब में जांच के लिए नमूने लिये गये हैं और आगे की जांच चल रही है।

अधिकारियों ने कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। डीसीए ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे दवाओं से जुड़ी किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि की जानकारी उनके टोल-फ्री नंबर 1800-599-6969 पर दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित