हैदराबाद , अप्रैल 02 -- सिकंदराबाद के कॉलेज ऑफ एयर वॉरफेयर (सीएडब्लू) में बुधवार को 49वें हायर एयर कमांड कोर्स (एचएसीसी) का समापन समारोह आयोजित किया गया।

रक्षा विज्ञप्ति के अनुसार, सीएडब्लू के इस प्रमुख वार्षिक कोर्स की शुरुआत पिछले साल 23 जून को हुई थी। इसमें तीनों सेनाओं के ग्रुप कैप्टन और समकक्ष रैंक के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस कोर्स का मकसद अधिकारियों को एयरोस्पेस शक्ति के परिचालन और रणनीतिक इस्तेमाल तथा एकीकृत अभियानों की समझ को बढ़ाकर वरिष्ठ कमान और स्टाफ नियुक्तियों के लिए तैयार करना है। इसके साथ ही, उन्हें राष्ट्रीय शक्ति के अन्य पहलुओं से भी व्यापक रूप से रूबरू कराया जाता है।

भारतीय वायु सेना के दक्षिणी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल मनीष खन्ना समारोह के समीक्षा अधिकारी थे।

अपने संबोधन में उन्होंने तालमेल और एकीकरण की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को मुबारकबाद दी और तीनों सेनाओं के लिए शानदार ढंग से पेशेवर सैन्य शिक्षा आयोजित करने के लिए सीएडब्लू की तारीफ की।

एयर मार्शल ने 2026 के लिए सीएडब्लू और एचएसीसी जर्नल भी जारी किया।बेहतरीन समग्र प्रदर्शन के लिए ग्रुप कैप्टन दानप्रीत पॉल सिंह बाली को 'एयर चीफ मार्शल एलएम कात्रे ट्रॉफी' से नवाजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित