हैदराबाद , मई 05 -- तेलंगाना के ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) में कार्यरत एक कनीय सहायक को सोमवार को शहर में रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी के मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, खैराताबाद जोन के बोराबंडा सर्कल-37 में तैनात राजस्व/कर विभाग की जूनियर असिस्टेंट बी श्रीलता को यूसुफगुड़ा चेकपोस्ट के पास रत्नादीप के समीप दोपहर करीब 2:00 बजे पकड़ा गया।
आरोप है कि उन्होंने एक शिकायतकर्ता से मकान निर्माण की अनुमति प्राप्त करने से संबंधित आधिकारिक काम को सुविधाजनक बनाने के लिए कुल पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जब आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये स्वीकार किये, तभी एसीबी कर्मियों ने उन्हें दबोच लिया। उनके पास से रिश्वत की वह राशि बरामद कर ली गयी और उनकी उंगलियों पर किये गये रासायनिक परीक्षण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिससे रिश्वत के पैसों के संपर्क में होने की पुष्टि हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित