हैदराबाद , जुलाई 26 -- हैदराबाद और साइबराबाद यातायात पुलिस ने सप्ताहांत में चलाये गये विशेष अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में कुल 899 वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
हैदराबाद यातायात पुलिस ने 24 और 25 जुलाई को चलाए गए दो दिवसीय अभियान के दौरान 572 मामले दर्ज किये। इनमें 475 दोपहिया वाहन चालक, 43 तिपहिया वाहन चालक तथा 54 चारपहिया एवं अन्य वाहन चालक शामिल हैं। इनमें से पांच चालकों के रक्त में अल्कोहल की मात्रा (बीएसी) 300 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर से अधिक पायी गयी।
वहीं, साइबराबाद यातायात पुलिस ने 327 लोगों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा। इनमें 255 दोपहिया वाहन चालक, 13 तिपहिया वाहन चालक, 55 चारपहिया वाहन चालक तथा चार भारी वाहन चालक शामिल हैं। इनमें से 22 चालकों के रक्त में अल्कोहल की मात्रा 301 से 550 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर के बीच दर्ज की गयी।
पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनायी जाएगी।
पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में वाहन चलाते समय किसी दुर्घटना में किसी की मृत्यु का कारण बनता है, तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। इस अपराध में अधिकतम 10 वर्ष के कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित