हरिद्वार , अगस्त 04 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान आस्था, सेवा और सनातन संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देशभर से आए शिवभक्त कांवड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पांच शिवभक्तों का चरण प्रक्षालन कर सम्मानित किया और अपने हाथों से भोजन परोसकर सेवा एवं श्रद्धा का संदेश दिया।

मंगलवार को यहां अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में श्री धामी ने कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार, आवश्यक दवाइयां और सभी स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाला प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण में अपनी यात्रा पूरी करे। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, अनुशासन और सेवा भाव का विराट उत्सव है। राज्य सरकार सभी विभागों के समन्वय से यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, अयोध्या, केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविरों और आपातकालीन सहायता व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने की भी अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में दिन-रात जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित