महासमुंद , मार्च 10 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों के मद्देनजर जिला पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। शहर में लगे सीसीटीवी और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) कैमरों की मदद से हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों की पहचान कर ई-चालान जारी किया जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन सोमवार को 73 वाहन चालकों का ई-चालान काटा गया।
विभाग ने यह जानकारी मंगलवार को दी। पुलिस के अनुसार महासमुंद शहर में करीब 30 सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक 360 डिग्री आईटीएमएस कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए यातायात नियमों की निगरानी की जा रही है। इन कैमरों में हेलमेट नहीं पहनकर वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान होने पर सीधे ई-चालान जारी किया जाएगा, जिसकी जानकारी वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का बड़ा कारण सिर पर गंभीर चोट लगना है। वर्ष 2024 और 2025 में हुई 476 सड़क दुर्घटनाओं में 327 लोगों की जान गयी थी, जिनमें से 297 लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था। वहीं वर्ष 2026 के पहले दो महीनों में 37 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की जान गई, जिनमें 20 लोग बिना हेलमेट के थे।
पुलिस के मुताबिक हेलमेट नहीं पहनकर वाहन चलाने पर अब 500 रुपये का चालान किया जाएगा। साथ ही बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी अमल में लायी जा सकती है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित