बैतूल , अप्रैल 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 574 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर 2 लाख 10 हजार 700 रुपए का समंस शुल्क वसूला है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। शनिवार और रविवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग के दौरान 459 दोपहिया चालकों पर हेलमेट नहीं पहनने पर 1 लाख 37 हजार 700 रुपए का जुर्माना किया गया।
इसके अलावा 55 चारपहिया चालकों से सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 27 हजार 500 रुपए, 11 मामलों में ओवरस्पीडिंग पर 11 हजार रुपए तथा 42 वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं होने पर 31 हजार रुपए की वसूली की गई। साथ ही 20 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए आरटीओ को अनुशंसा भेजी गई है।
इसी बीच 12 अप्रैल को शाहपुर क्षेत्र में एक हादसे में हेलमेट नहीं पहनने के कारण स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई, जिसे पुलिस ने गंभीर चेतावनी बताते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस ने दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया सवारों को सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा नशे में वाहन न चलाने की सलाह दी है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित