भिवानी , अक्टूबर 26 -- हरियाणा के भिवानी सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने हेरोइन बरामदगी के मामले में एक आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान सुरेंद्र पुत्र प्रीतपाल, निवासी पीरांवाली, जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिसार की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गत चार अप्रैल को टीम ने हरीश पुत्र सुभाष, निवासी मुल्तानी चौक, हिसार, हाल निवासी नायक धर्मशाला के नजदीक, सिवानी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना सिवानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ के दौरान हरीश ने पुलिस को बताया था कि वह हेरोइन सुरेंद्र से खरीदकर लाया था। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम की टीम ने 25 अक्टूबर को सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सुरेंद्र ने भी हरीश को हेरोइन बेचने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित