दुर्ग , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिसकर्मियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर चर्चा में आई जसबीर कौर उर्फ सोनू को अब हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। खुर्सीपार पुलिस ने उसके मकान पर छापेमारी कर 70.460 ग्राम हेरोइन सहित नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त करने का दावा किया है। मामले में जसबीर सहित तीन वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मौके पर मिले दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार थाना क्षेत्र के जोन क्रमांक-3, जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में हेरोइन रखकर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद एक महिला ने भागने का प्रयास किया, जिसे पकड़ लिया गया। इसके बाद मकान में मौजूद अन्य लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपए बताई गई है। इसके अलावा 2 लाख 35 हजार 100 रुपए नकद, 19 नग सोने के आभूषण जिनका वजन करीब 71.35 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 65 हजार रुपए है, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, आठ मोबाइल फोन तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया। पुलिस ने जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपए बताई है।

इस मामले में जसबीर कौर उर्फ सोनू के साथ नितेश सोनी और तिरकेश निषाद को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग भी मिले, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। तीनों वयस्क आरोपियों को 20 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मकान में हेरोइन रखकर बेचने की जानकारी सामने आई है।

उल्लेखनीय है कि जसबीर कौर इससे पहले अपनी मां रज्जी कौर की गिरफ्तारी के बाद पुलिसकर्मियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाने को लेकर चर्चा में आई थी। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने 2 जून 2026 को सिरसागेट यात्री प्रतीक्षालय के पास से रज्जी कौर (50) को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 5.80 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था और जब्त माल की कुल कीमत 6 लाख 12 हजार 900 रुपए बताई गई थी। रज्जी कौर फिलहाल जेल में बंद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित