चंडीगढ़ , मार्च 14 -- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शनिवार को मोगा में भाजपा की रैली के दौरानकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिये गये बयान को शर्मनाक करार दिया है।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने दावा किया कि भारत की 45 प्रतिशत हेरोइन पंजाब के रास्ते प्रवेश करती है। यह केवल एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि श्रीशाह गृह मंत्री के रूप में अपनी विफलता को शर्मनाक तरीके से स्वीकार कर रहे हैं। उन्हें जिम्मेदारी लेनी चाहिए और अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

श्री रंधावा ने कहा कि पंजाब सीमा का वह 50 किलोमीटर का क्षेत्र, जहां से कथित तौर पर ड्रोन के माध्यम से नशा गिराया जा रहा है, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के नियंत्रण में है। सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी को रोकना बीएसएफ की जिम्मेदारी है, और बीएसएफ का संचालन केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है।

उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि गृह मंत्री के नेतृत्व में बीएसएफ ने पाकिस्तान सीमा को 'छलनी' बना दिया है। ड्रोन न केवल नशीले पदार्थ बल्कि एके-47 राइफल और पिस्तौल जैसे हथियार भी गिरा रहे हैं। इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल गैंगस्टर हमारे बेटों की हत्या करने के लिए कर रहे हैं। सीमाओं की असुरक्षा सीधे तौर पर श्री शाह के विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए या इस्तीफा दे देना चाहिए।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में नशे और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार भी समान रूप से जिम्मेदार है। राज्य सरकार नशा तस्करी को रोकने में विफल रही है और पंजाब में कानून-व्यवस्था अब उसके नियंत्रण से बाहर हो रही है। पंजाब में जबरन वसूली, हिंसा और डकैती की बार-बार होने वाली घटनाएं इसका प्रमाण हैं। पंजाब की बर्बादी के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित